Budaun News: ट्यूबवेल चलाते समय स्टार्टर में आया करंट, युवक की मौत

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक समीउद्दीन के परिजन। संवाद
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नौली फतुआबाद में मूंगफली की फसल की सिंचाई करने गए युवक की ट्यूबवेल चलाते समय करंट लगने से मौत हो गई।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नौली फतुआबाद निवासी समीउद्दीन (37) खेती करता था। रविवार की सुबह वह मूूंगफली की फसल की सिंचाई करने ट्यूबवेल पर गया था। उसके साथ उसका तहेरा भाई आगाज भी था। आगाज दूसरे खेत की ओर चला गया और समीउद्दीन ट्यूबवेल स्टार्ट करने। वह जैसे ही ट्यूबवेल की कोठरी में घुसा और उसने स्टार्टर का बटन दबाया, इसी दौरान करंट स्टार्टर मेंं आ गया और समीउद्दीन उससे चिपक गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक वह कोठरी से बाहर नहीं निकला तो आगाज उसको देखने के लिए कोठरी में घुसा। उसने जैसे ही समीउद्दीन को स्टार्टर से चिपका देखा उसके होश उड़ गए। किसी तरह उसने सप्लाई बंद कर शव को स्टार्टर से अलग किया। हादसे की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। संवाद