Budaun News: उसहैत में निर्माणाधीन मकान का बीम गिरा, युवक की मौत

मृतक योगदास का फाइल फोटो।
उसहैत। थाना क्षेत्र के गांव दियोरिया असगुना में शनिवार सुबह निर्माणाधीन मकान का बीम गिरने से 23 वर्षीय योगदास की उसके नीचे दबने से मौत हो गई। वह मकान में बंधी बकरियां खोलने गए थे।
ग्राम दियोरिया असगुना निवासी योगदास उर्फ भूदास अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। बरामदे के आगे बीम डालकर उसके ऊपर दीवार बनाई जा चुकी है। अब लिंटर डाला जाना था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे राजमिस्त्री और मजदूरों ने आकर काम शुरू करने की तैयारी की तो योगदास वहां बंधी बकरियां खोलने लगे, तभी बीम मय दीवार के उनके ऊपर गिर गया।
मजदूरों की चीख-पुकार औसुनकर परिवार और मोहल्ले के लोग आ गए। उन्होंने तुरंत मलबा हटाकर योगदास को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल योगदास को नजदीक के ही एक डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शनिवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मकान के नजदीक नहीं थे और लोग, हो सकता था बड़ा हादसा
– शनिवार सुबह दियोरिया असगुना गांव में जिस वक्त हादसा हुआ, उस दौरान केवल युवक ही वहां मौजूद था जबकि उससे कुछ दूर और लोग भी खड़े थे। इससे वह बाल-बाल बच गए। अगर बीम के नीचे परिवार के लोग या मोहल्ले के लोग होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मृतक योगदास का फाइल फोटो।