Budaun News: कादरचौक में युवक ने फंदे से लटककर की आत्महत्या

मृतक अमित बाबू का फाइल फोटो
कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव बड़ौरा में बृहस्पतिवार सुबह 23 वर्षीय अमित बाबू ने अपने ही घर में फंदे से लटककर जान दे दी। परिवार वालों ने उसके ससुराल वालों पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अमित दो दिन पहले पत्नी को बुलाने के लिए ससुराल गया था। तभी उसकी पिटाई की गई थी। इससे वह आहत था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम बड़ौरा निवासी अमित बाबू खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पिता मनोहर लाल का कहना है कि अमित की छह माह पहले शाहजहांपुर जिले के कलान क्षेत्र की युवती से शादी हुई थी। वह कुछ दिन से अपने मायके में हैै। दो दिन पहले अमित उसे बुलाने ससुराल गए थे। वहां किसी बात को लेकर ससुराल वालों ने अमित की पिटाई दी। हालांकि वह अपनी पत्नी को बुला लाए थे।
आरोप है कि ससुराल वालों के पिटाई करने से अमित बेहद आहत थे। घर आने के बाद उन्होंने पत्नी से भी बात नहीं की थी। बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने घर में ही फंदे से लटककर जान दे दी। जब परिवार वालों ने उनका शव फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।