Budaun News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या का आरोप
उघैती (बदायूं)। थाना क्षेत्र में शनिवार रात रियोनाई कुंदन के मोहर सिंह (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके परिवार वालों का आरोप है कि रात में दो लोग उन्हें घर से बुलाकर ले गए थे। देर रात पता चला कि मोहर सिंह हादसे में घायल हो गए। परिजन उन्हें बरेली ले गए थे कि उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों लोगों पर हत्या का आरोप है।
गांव के रामनिवास के पुत्र मोहर सिंह खेतीबाड़ी करते थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम मोहर सिंह खाना खाकर आराम कर रहे थे। तभी गांव के दो लोग घर आए और मोहर सिंह को बुलाकर साथ ले गए। करीब तीन घंटे तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें कॉल करके जानकारी ली। पता चला कि खितौरा गांव के पास सड़क हादसे में मोहर सिंह घायल हो गए हैं। उन्हें सहसवान ले जाया जा रहा है।
यह सुनकर परिवार वाले भी सहसवान पहुंच गए, लेकिन तब तक उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां से हालत देखकर मोहर सिंह को बरेली ले गए। देर रात निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। साथ वाले लोगों का कहना है कि बाइक सांड़ से टकरा गई, जिससे मोहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, परिजनों का आरोप है कि दोनों लोगों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी।
उसके शरीर पर चोटों के निशान नहीं हैं। उन्होंने तहरीर देकर पुलिस से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम करा दिया। बाद में परिवार वालों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। उसके बाद अगली कार्रवाई होगी।

