सराफा बाजार : नवरात्र पर जमकर हुई खरीदारी… अब पंचोत्सव की तैयारी

आभूषण की दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
बदायूं। नवरात्र और दशहरे के बाद अब पंचोत्सव की सराफा बाजार में रौनक है। आने वाले दिनों में धनतेरस के साथ ही पंचोत्सव की शुरुआत होगी। इसे लेकर बाजार भी खरीदारों से गुलजार होने लगे हैं। सराफा बाजार भी इससे अछूता नहीं है। इसे लेकर कारोबारी भी तैयार हैं। स्कीमों के माध्यम से ग्राहकों को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है।
शारदीय नवरात्र के साथ ही त्योहारी सीजन की शुरुआत मानी जाती है। अमूमन लोग खरीदारी के लिए नवरात्र का इंतजार करते हैं। तमाम लोग धनतेरस पर बाजार का रुख करते हैं। सोने के दामों में लगातार आ रही तेजी के बाद भी लोगाें का रुझान इस तरफ से कम नहीं हुआ है। ऐसे में नवरात्र से ही सराफा बाजार में रौनक देखने को मिल रही है जो धनतेरस के नजदीक आने के साथ बढ़ रही है।
इस बार भी कारोबारियों ने धनतेरस के मद्देनजर चांदी के आभूषणों समेत बर्तन, मूर्तियां, विभिन्न डिजाइनों के सिक्के आदि तैयार कराए हैं। दिवाली से पहले सराफा बाजार, हलवाई बाजार, टिकटगंज, पुराना बाजार आदि स्थानों पर स्थित सराफा कारोबारियों की दुकानों पर भीड़ नजर आ रही है। कई दुकानदार आभूषणों के साथ उनके मूल्य के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम गिफ्ट के रूप में दे रहे हैँ।
सोने और चांदी के सिक्कों की रहती है मांग
कारोबारियों के अनुसार, अक्षय तृतीया पर जहां सोने की खरीदारी ज्यादा होती है, वहीं धनतेरस पर चांदी के आभूषण ज्यादा बिकते हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्कों की बिक्री सबसे ज्यादा होती है। बाजार में इस बार कम से कम डेढ़ से दो हजार कीमत के सिक्के मौजूद हैं तो पुराने सिक्कों के दाम अधिक हैं।
कारोबारी बोले – भाव बढ़ने का नहीं कोई असर
कम मूल्य के हल्के आभूषणों पर ज्यादा फोकस
पिछले दिनों में सोने-चांदी के रेट लगातार बढ़े हैं लेकिन बाजार पर इसका असर नजर नहीं आ रहा है। लोग नवरात्र से ही उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं। दरअसल, अब बाजार में हल्के आभूषण भी मौजूद हैं जो लोगों के बजट में आ जाते हैं। सोना महंगा जरूर हुआ है लेकिन अब वजन और मूल्य कम होने के कारण लोग इनकी खरीदारी करते हैं। नयी तकनीकी से अब दो ग्राम तक टॉप्स, रिंग आदि आभूषण तैयार किए जाते है। – प्रमुख वैश्य, टीकाराम ज्वेलर्स
करवाचौथ पर जमकर हुई खरीदारी
त्योहारों को लेकर खरीदारों में खासा उत्साह है। बुधवार को करवाचौथ के त्योहार पर बिछिया, अंगूठी, नेकलेस की बिक्री ज्यादा हुई। महिलाओं ने जहां त्योहार पर पहनने के लिए खुद आभूषण खरीदे, वहीं पुरुषों ने अपनी पत्नियों को उपहार देने के लिए खरीदारी की। चांदी के करवा भी इस बार खूब बिके। धनतेरस पर इस बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। – नितिन वर्मा, जागेंद्र ज्वेलर्स
ब्राइडल ज्वेलरी की मांग ज्यादा
त्योहार के साथ ही सहालग का सीजन भी नजदीक आ रहा है। इसके मद्देनजर लोग खरीदारी करने आ रहे हैं। शादियों के लिए ब्राइडल ज्वेलरी की मांग ज्यादा है। ग्राहकों की मांग के अनुरूप आभूषण बिक्री के लिए रखे हैं। इसके अलावा त्योहार पर लोग सिक्कों की खरीदारी ज्यादा करते हैं। सोना चांदी के दामों में हालांकि तेजी है लेकिन मांग को देखकर लगता है कि कारोबार बेहतर होगा। – अरुण गुप्ता, अरुण ज्वेलर्स

आभूषण की दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद

आभूषण की दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद

आभूषण की दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद


