उपचुनाव : रेखा, कुसुमा और विमलेश बने प्रधान, सुशील कुमार बीडीसी

जलालाबाद में विजयी प्रत्याशी रेखा देवी अपने समर्थकों के साथ खुशी मनाती। संवाद
शाहजहांपुर। जिले के तीन ग्राम प्रधान और एक बीडीसी सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। जलालाबाद के गांव गुरगवां से रेखा देवी, बजीरपुर से विमलेश कुशवाहा और जैतीपुर के रुद्रपुर ग्राम पंचायत से कुसुमा देवी प्रधान बनी हैं। वहीं तिलहर की ग्राम पंचायत बिरसिंहपुर में बीडीसी सदस्य के पद पर सुशील कुमार जीते।
छह सितंबर को जनपद में दो ग्राम प्रधान पद व एक बीडीसी पद पर मतदान हुआ था। मतगणना शुक्रवार को सुबह आठ बजे ब्लॉक मुख्यालय जलालाबाद, जैतीपुर व तिलहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। उम्मीदवार व नामित एजेंट को ही मतगणना स्थल तक जाने दिया गया। मतगणना संपन्न होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को संबंधित आरओ ने जीत के प्रमाण पत्र दिए।
तिलहर। ग्राम पंचायत बिरसिंहपुर में बीडीसी सदस्य के लिए हुए उपचुनाव में प्रत्याशी सुशील कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुनील कुमार को 60 मत से हराया। बीडीसी सदस्य रहे किशनू लाल के निधन से रिक्त हुई सीट पर उनकी पत्नी कामेश्वरी देवी, सुशील कुमार और सुनील कुमार के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। मतगणना के दौरान पड़े 881 मतों में 5 रद्द हो गए। कामेश्वरी देवी को 242 मत, सुनील कुमार को 287 मत और सुशील कुमार को 347 मत प्राप्त हुए। आरओ डॉ. पीके त्यागी ने विजयी प्रत्याशी सुशील कुमार को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर सदर तहसीलदार चमन सिंह और ब्लॉक के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो- 10, 11
गुरगवां में रेखा देवी 87 मत से जीतीं, विमलेश निर्विरोध बने प्रधान
जलालाबाद। गांव गुरगवां में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में मलिक पांडेय की पत्नी रेखा देवी ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रमोद सिंह की पत्नी शिमला देवी को 87 मत से हराया। ब्लॉक परिसर में हुई मतगणना के दौरान सीओ अजय राय, तहसीलदार पैगाम हैदर के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे। आरओ अरविंद कुशवाहा ने बताया कि कुल पड़े 1262 वोट में से 10 वोट निरस्त घोषित हुए, जबकि विजयी रेखा देवी को 655 व दूसरे स्थान पर रहीं। शिमला देवी को 568 वोट हासिल हुए। खास बात यह है कि इस चुनाव में प्रधान पद के एक प्रत्याशी आवेंद्र सिंह को एक भी वोट नहीं मिला।
मतगणना के बाद आरओ ने रेखा देवी के अलावा दूसरी ग्राम पंचायत बजीरपुर से निर्विरोध जीते विमलेश कुशवाहा को प्रमाण पत्र सौंपे। रेखा देवी की जीत पर उनके समर्थक वीरेंद्र सिंह, राकेश सिंह बहुगुणा, विजय पांडेय, अशोक पांडेय, ऋषिकांत पांडेय, निर्भय सिंह, रविकांत पांडेय आदि समर्थकों ने खुशी जताते हुए मिठाई बांटी। बता दें कि रेखा देवी पूर्व प्रधान शीतला देवी की पुत्रवधू हैं।
कुसमा देवी 31 वोट से जीतकर बनीं प्रधान
जैतीपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत रुद्रपुर में अप्रैल से रिक्त चल रही ग्राम प्रधान की सीट पर चुनाव के बाद पूर्व प्रधान स्व. पुष्पा देवी की देवरानी कुसुमा देवी ने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रेमवती को 31 वोटों से हराकर जीत हासिल की। आरओ डॉ. शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। विजयी प्रत्याशी कुसुमा देवी को 442, प्रेमवती को 411, ग्रीश को 20, रामेंद्र यादव को दो, शरद यादव को एक वोट मिले। 22 वोट निरस्त हुए। ब्लॉक में असिस्टेंट आरओ अश्वनी कुमार पांडेय, एसडीएम तिलहर अंजलि गंगवार, सीओ प्रयांक जैन, थाना प्रभारी विकास कुमार के साथ खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार मौजूद रहे। संवाद

जलालाबाद में विजयी प्रत्याशी रेखा देवी अपने समर्थकों के साथ खुशी मनाती। संवाद

जलालाबाद में विजयी प्रत्याशी रेखा देवी अपने समर्थकों के साथ खुशी मनाती। संवाद

जलालाबाद में विजयी प्रत्याशी रेखा देवी अपने समर्थकों के साथ खुशी मनाती। संवाद