तन, मन, धन से जायरीनों की खिदमत करें शहरवासी : अहसन मियां
बरेली। आला हजरत का फाजिले 105वां उर्स-ए-रजवी 10 सितंबर से शुरू हो रहा है। दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) की निगरानी में तैयारियां हो रही हैं।
मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दरगाह प्रमुख हजरत सुब्हानी मियां की अध्यक्षता में वालंटियर्स की बैठक हुई। सज्जादानशीन ने कहा कि उर्स में शिरकत करने दुनियाभर से जायरीन बरेली पहुंचेगे। उनके ठहरने व खाने-पीने की व्यवस्था दरगाह की तरफ से की जाती है, मगर लाखों जायरीन के लिए ये व्यवस्था नाकाफी होती है। इसलिए सभी शहरवासी जायरीन की खिदमत तन, मन व धन से करें।
मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी ने बेहतर सुविधाओं के लिए रजाकारों से सुझाव मांगे। टीटीएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शाहिद नूरी, परवेज नूरी व औरंगजेब नूरी ने रजाकारों से अभी से खिदमत में जुटने को कहा। हाजी अब्बास नूरी ने पिछले साल की कमियों को दूर करने की बात कही। बैठक का संचालन हाजी जावेद खान ने किया। इस दौराना आसिफ रजा, तारिक सईद, गौहर खान, सुहैल रजा, नफीस खान, हाजी शारिक नूरी, मुस्तकीम नूरी, सय्यद एजाज, सबलू अल्वी समेत अन्य मौजूद रहे।



