मरीजों के साथ व्यवहार ठीक रखें: सीएमओ
रामपुर। बलिया जिला अस्पताल में गर्मी, लू से हुई मरीजों की मौत के बाद जनपद का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। इसी लिए रविवार के दिन सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने जिला अस्पताल में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। वार्डों में मरीजों से बात की। उनका हाल-चाल जाना। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं लंबे समय से वेंटिलेटर पर चल रही हैं। यहां पर कई रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं हैं। जो डॉक्टर हैं उन्हें एक-एक दिन में 100 से 150 मरीजों को देखना पड़ रहा है। रविवार को जिला अस्पताल में पहुंचे सीएमओ ने सबसे पहले इमरजेंसी को देखा। यहां पर तैनात डॉक्टर से पता किया कि बीमारी के मरीज इन दिनों सर्वाधिक आ रहे हैं। इसके बाद वहां एक-दो मरीजों से बात भी की। इमरजेंसी में स्टाफ को निर्देश देकर कहा कि इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीज के साथ व्यवहार ठीक रखा जाए। उनको प्राथमिक उपचार देने के बाद आवश्यक हो तभी इमरजेंसी में रखें नहीं तो अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती कर दिया जाए। ऐसा करने पर अन्य आने वाले मरीजों को इमरजेंसी में बेड मिल जाएगा। 100 बेड के डायरिया वार्ड में पहुंचे। यहां पर पांच मरीज भर्ती थे। सभी की हालत ठीक थी। सीएमओ ने अस्पताल में स्थित पोस्टमार्टम हाउस का भी निरीक्षण किया।
सीएमओ ने सीएमएस डॉ. एचके मित्रा से गर्मी, लू से बीमार लोगों के इलाज के बारे में जानकारी की। कहा कि जो भी आवश्यक दवाएं हैं, उनकी उपलब्धता अस्पताल में हर समय बनी रहनी चाहिए। मरीज को किसी प्रकार दिक्कत नहीं होनी चाहिए। गर्मी के मौसम में मरीज और उनके संग तीमारदारों को इलाज प्रबंधन के साथ-साथ पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। ओपीडी में डॉक्टर के समय के बारे में पता कर उन्हें निर्धारित समय तक बैठने के निर्देश दिए।