ट्रेनों का हाल: जनरल और स्लीपर बोगी ठसाठस, एसी कोच में भी भीड़; यात्री हो रहे परेशान

त्योहार के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
त्योहार के बाद कामगारों की वापसी की वजह से नियमित व विशेष ट्रेनों में खचाखच भीड़ हो रही है। ट्रेनों के जनरल व स्लीपर कोच में भीड़ की वजह से यात्री परेशान हो रहे हैं, वहीं एसी कोचों का हाल भी बदतर हो चला है।
एसी कोच में आरक्षित टिकट पर सफर कर रहे यात्री भीड़ की शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। लोगों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। इस बीच रेलवे ने नई दिल्ली-दरभंगा-नई दिल्ली, दिल्ली-जयनगर-दिल्ली और दिल्ली-बरौनी-दिल्ली विशेष ट्रेनों के 22 फेरे बढ़ा दिए हैं।
दिवाली, भैयादूज और छठ पूजा के बीच नवंबर के पहले सप्ताह से ही ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा था। 15 नवंबर को भैया दूज के साथ दिवाली की छुट्टियां खत्म हुईं तो कामगारों की वापसी भी होने लगी।
दूसरी ओर, 17 से 19 नवंबर तक छठ पर्व को लेकर पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से स्थिति खराब हुई तो रेलवे ने एक के बाद एक 12 विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया। इसके बाद भी राहत नहीं मिल सकी। नियमित के अलावा विशेष ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है।



