Budaun News: फरियाद लेकर दौड़ते रहिए… समाधान हो जाए तो किस्मत की बात

बिल्सी में समस्याएं सुनते संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार। संवाद
बदायूं। तहसील स्तर पर ही लोगों की समस्या के समाधान के लिए शुरू किए गए संपूर्ण समाधान दिवस अब बेमतलब साबित होने लगे हैं। शिकायतों के समाधान की आस लेकर आने वाले ज्यादातर लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है। लिहाजा उनका संपूर्ण समाधान दिवसों से भरोसा उठता जा रहा है।
फरियादियों का कहना है कि एक ही शिकायत को लेकर उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। शनिवार को बिसौली तहसील में कमिश्नर और आईजी ने शिकायतें सुनीं। यहां 38 फरियादी पहुंचे, लेकिन निस्तारण सिर्फ एक फरियाद का ही हो सका। यही हाल सदर तहसील का रहा। यहां डीएम मनोज कुमार और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह की मौजूदगी में 105 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन निस्तारण महज सात का ही हो सका।
तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों के पहुंचने के बावजूद लोगों की समस्याओं का समाधान न हो पाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। शनिवार को तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस में लोगों ने राजस्व व पुलिस से संबंधित शिकायतों की झड़ी लगा दी। किसी ने लेखपाल पर पैमाइश न करने का आरोप लगाया तो किसी ने पुलिस पर विरोधियों से सांठगांठ कर परेशान करने की बात कही। इस मौके पर एसडीएम सदर सुखलाल प्रसाद वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप आदि मौजूद रहे।
जमीन पर कब्जा कर लिया, अब जान से मारने की धमकी दे रहे
थाना मूसाझाग के गांव महोरावाना निवासी चंद्रकली ने बताया कि उनके घर के पीछे कुछ जगह खाली पड़ी है। इस पर गांव के कुछ लोग घूरा डाल रहे हैं। जब उन्होंने मना किया तो वे मारपीट पर उतारू हो गए। जान से मरने की धमकी दी। इससे पहले भी शिकायत की, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। दोबारा डीएम को प्रार्थना पत्र दिया है।
सुसराल पक्ष कर रहा प्रताड़ित, पुलिस नहीं सुन रही
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भदरौल निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह का लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया। उनकी पत्नी रेनू सिंह का आरोप है कि सुसराल पक्ष के लोग उनको बहुत प्रताड़ित कर रहे है। उसे घर से निकालना चाहते हैं। पति की बाइक भी वे लोग उठा ले गए। इसे लेकर थाने में तहरीर दी, लेकिन स्टाफ ने वहां से भगा दिया। तहसील दिवस में शिकायत की थी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। अब फिर से शिकायत की है।
बिल्सी में नौ शिकायतों का हुआ मौके पर समाधान
बिल्सी। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार पांडेय ने जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन मात्र नौ शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसडीएम प्रवर्धन शर्मा, तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार अरुण कुमार सिंह, मोहित कुमार, सीओ सीपी सिंह, ईओ शैलेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। समाधान दिवस से गैरजाहिर रहे अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। संवाद
कमिश्नर और आईजी पहुंचे पर समस्या सिर्फ एक ही निपटी
बिसौली। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एडीएम एफआर आरके पटेल की अध्यक्षता में हुआ। दोपहर करीब पौने दो बजे कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और आईजी डाॅ. राकेश सिंह अचानक बिसौली तहसील दिवस में पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना, साथ ही उनके समाधान के लिए अधीनस्थों को निर्देशित किया। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, इनमें पुलिस, राजस्व, चकबंदी की अधिकांश समस्याएं थी। इनमें से सिर्फ एक का ही मौके पर समाधान हुआ।

बिल्सी में समस्याएं सुनते संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार। संवाद

बिल्सी में समस्याएं सुनते संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार। संवाद

बिल्सी में समस्याएं सुनते संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार। संवाद

बिल्सी में समस्याएं सुनते संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार। संवाद