प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण: पूरनपुर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा, पुलिस से नोकझोंक

कोतवाली के बाहर किया प्रदर्शन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को एक घर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे नगर चौकी इंचार्ज से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद कोतवाल, सीओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी दंपती एवं उनके पुत्र को हिरासत में ले लिया। हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं ने कोतवाली गेट पर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संगठन मंत्री विवेक मिश्रा के नेतृत्व में मोहल्ला साहूकारा (लाइनपार) में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने एक घर में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने घर में से धार्मिक साहित्य कब्जे में ले लिया। हंगामे की सूचना पर पहले दो सिपाही मौके पर पहुंचे। बाद में नगर चौकी इंचार्ज दीपचंद के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं की उनसे नोकझोंक हुई।
पुलिस पर भी लगाया आरोप
हंगामा कर रहे कार्यकर्ता पुलिस की शह पर धर्म परिवर्तन और क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं की हत्या होने का आरोप लगाने लगे। वे सीओ को बुलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना पर कोतवाल आशुतोष रघुवंशी और सीओ आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों लोगों ने घर में पहुंचकर दंपती से जानकारी ली। पुलिस ने दंपती और उसके पुत्र को हिरासत में लिया है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने बाद में कोतवाली गेट पर पहुंचकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।