तीन-तीन मंत्री, कुछ की हैसियत चपरासी का ट्रांसफर कराने तक की नहीं : धर्मेंद्र
शाहजहांपुर। खिरनीबाग के रामलीला मैदान में पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए हमला बोला। साथ ही जिले के तीन-तीन मंत्रियों पर भी तंज कसा। बोले- इनमें कुछ की हैसियत चपरासी का ट्रांसफर कराने तक की नहीं।
बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने स्व. फूलनदेवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। पूर्व सांसद ने महंगाई, भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा के नेताओं ने मजहब व जाति के नाम पर बांटने का काम शुरू कर दिया है। चुनाव में वोट मांगने आने वाले इन नेताओं से यह जरूर पूछना कि काम क्या कराया।
उन्होंने जिले के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वित्त, पीडब्ल्यूडी और सहकारिता जैसे विभागों के मंत्री जनपद के हैं। इनमें कुछ मंत्रियों की हैसियत चपरासी का ट्रांसफर कराने तक की नहीं है। बोले-भाजपा की सरकार सड़कें, बिजली, रेल, हवाई अड्डे, उद्योग चुनिंदा गुजराती हाथों में देना चाहती है।
धर्मेंद्र यादव ने मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इतने संवेदनशील मुद्दे पर प्रधानमंत्री बात नहीं कर रहे हैं। मजबूरी में विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने फूलनदेवी को जेल से निकालकर संसद में पहुंचाया। उन्हें तभी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जब लोकसभा चुनाव में उनकी हत्या कराने वालों की जमानत जब्त कराएंगे। उन हाथों को मजबूत करें, जिन्हें फूलनदेवी राखी बांधतीं थीं।
पूर्व विधायक नीरज मौर्या ने कोलाघाट पुल सही न होने पर नाराजगी जताई। पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि आधी सरकार शाहजहांपुर से हाेने के बाद भी जिले की दुर्दशा है। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि चुनाव में धर्म और मजहब के नाम पर समाज को तोड़ने वालों को सबक सिखाना है। रणंजय यादव के संचालन में हुए कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, अमित यादव रिंकू, राजेश कश्यप, उपेंद्र पाल सिंह, रामकुमार भोजवाल, सैयद रिजवान आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता रामआसरे कश्यप ने की।
अव्यवस्था रही हावी, रोशन हुए नाराज
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद के साथ फोटो खिंचाने को लेकर मंच पर अव्यवस्था हो गई। पूर्व विधायक रोशन लाल ने माइक पर आकर जिलाध्यक्ष तनवीर खां से अनुशासन बनवाने पर जोर दिया। फिर भाजपा पर तंज कसते हुए शायरी से तालियां बटोरीं।
पुरानी पेंशन को बहाल कराने का करेंगे प्रयास
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कटिया टोला स्थित राजेश यादव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि निश्चित ही सपा के समर्थन से बनने वाली सरकार में कर्मचारियों की पुरानी पेंशन की मांग को पूरा कराया जाएगा। नगर निगम चुनाव में सपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि पूर्व मंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा के परिवार के आधे से ज्यादा लोग उनके साथ हैं। इस कृत्य से उनकी आत्मा को कितना कष्ट हुआ होगा।