सामूहिक विवाह : कम आवेदनों से विवाह स्थल चयनित करने में फंसा पेच
पीलीभीत। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए जिले में पंजीकरण की गति को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। ऐसे में शासन के तय लक्ष्य 1181 का विवाह चुनौती बन गया है। कम पंजीकरण होने से अफसर 29 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर स्थल का भी चयन नहीं कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह को लेकर जिले में 19 नवंबर की तारीख तय है। इस दिन सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम किए जाने हैं। इस बार जिले को 1181 विवाह का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए जिले में पंजीकरण की प्रक्रिया काफी सुस्त चल रही है। अब तक जिले में पांच का आंकड़ा भी पंजीकरण के नाम पर पूरा नहीं हो सका है, जबकि शासन और प्रशासन लगातार इसे बढ़ाने के लिए प्रचार कर रहा है।
कम पंजीकरण के चलते विवाह स्थलों को चयनित करने में भी अब पेच फंसता दिखाई दे रहा है। कारण है कि पंजीकरण होने के बाद सत्यापन में भी कई आवेदन कम होने की संभावना है। ऐसे में कम आवेदन वाले ब्लॉकों में कार्यक्रमों का आयोजन संभव नहीं है। अब तय तारीख से पहले पंजीकरण की स्थिति को देखकर कार्यक्रम स्थल का चयन करने की तैयारी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने बताया पंजीकरण कम हुए हैं। इस दशा में सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम संभव नहीं है। एक ही स्थान पर समारोह कराने की तैयारी है।