कांवड़ यात्रा को लेकर डायवर्जन प्लान तैयार: सावन में हर शुक्रवार शाम से सोमवार रात तक भारी वाहनों की नो एंट्री

कांवड़ यात्रा (फाइल)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
चार जुलाई से शुरू हो रहे सावन के महीने के मद्देनजर बरेली पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सावन के प्रत्येक शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक बरेली-बदायूं और बरेली-मुरादाबाद रोड पर भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। नैनीताल, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहनों को लेकर अभी से डायवर्जन का प्लान तैयार कर लिया गया है।
सावन का पहला सोमवार इस बार 10 जुलाई को अंतिम 29 अगस्त को पड़ रहा है। 15 जुलाई को सावन का शिवरात्रि पर्व होगा। इस दिन के लिए बदायूं के कछला गंगाघाट के अलावा हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर से शिवभक्त कांवड़ लेकर आते हैं। शिवरात्रि के मद्देनजर 12 से 15 जुलाई रात दस बजे तक भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से पास किया जाएगा।
इन मार्गों से गुजरेंगे कांवड़िये
एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह के अनुसार सावन में कछला घाट से करीब 75 प्रतिशत कांवड़िये गंगाजल लेकर भमोरा, देवचरा, रामगंगा, करगैना, चौपुरा पुल से होकर शिव मंदिरों में पहुंचते हैं।
ये भी पढ़ें- UP: दूसरे समुदाय के युवक से कोर्ट मैरिज करने जा रही महिला दरोगा को बड़ा झटका, परिवार की शिकायत पर कार्रवाई
हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर से 25 प्रतिशत कांवड़िये मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, सीबीगंज और किला होकर मंदिर तक पहुंचते हैं। कांवड़ यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर 18 प्वाइंट बनाए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अभी से तय कर दी गई है।



