उद्यमियों की समस्याओं का जल्द करें निस्तारण : डीएम
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कलक्ट्रेट में जिला उद्योग बंधु समिति, व्यापार बंधु व श्रम बंधु की बैठक में सदस्यों की समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग बंधु की समस्याओं को समय से प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। उन्होंने एलडीएम को निर्देशित किया कि वह विभिन्न बैंकों से समन्वय कर ऋण आवेदन पत्रों का प्राथमिकता पर निस्तारण कराए।
डीएम ने निवेश करने वाले इन्वेस्टर्स की समस्याओं को सुना। साथ ही अधिकारियों को समस्याओं के जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यम लगाने से लोगों को रोजगार मिलेगा। कारखाना अधिनियम के तहत पंजीकरण, बाल श्रम चिह्नांकन, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन व श्रमिकों की समस्याओं पर भी विचार विमर्श किया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी दुर्घटना बीमा योजना का शुभारंभ 21 अगस्त, 2023 उद्यमिता दिवस से की गई है। इस योजना के तहत जिले के सभी कामगार ठेले व पीएम स्वनिधि आदि अन्य उद्यमियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रारंभ की है।
इस योजना तहत उद्यमी अधिक से अधिक मात्रा में उद्यम रजिस्ट्रेशन कराते हुए पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का लाभ प्राप्त कर सकते है। इस मौके पर सीडीओ केशव कुमार, एडीएम प्रशासन वीके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रामजी लाल, उपायुक्त उद्योग संजय कुमार आदि मौजूद रहे।