बदायूं

Budaun News: सकरीजंगल में बुखार से एक और मौत

Connect News 24

Another death due to fever in Sakari Jungle

बरेली से आए जिला सर्विलांस अ​धिकारी ने लिया गांव का जायजा। संवाद

उझानी। क्षेत्र के गांव सकरीजंगल में बुखार से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को गांव की विवाहिता निशा (22) की मौत भी बुखार से हो गई। परिजनों के मुताबिक निशा को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उसे बरेली ले गए थे, जहां उसने दम तोड़ दिया। इससे पहले भी गांव में चार लोगों की मौत बुखार के कारण हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव जाकर जायजा लिया और मरीजों की जांच की व दवा बांटी।

गांव निवासी सादिक अली की पत्नी निशा को कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले उसे स्थानीय स्तर पर दिखाया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल में ले गए, जहां मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद परिजन उसके शव को लेकर गांव आ गए।

इससे पहले मंगलवार को गांव के ही पन्नालाल के 17 साल के बेटे वीरेश की भी बुखार के कारण मौत हो गई थी। गांव की बुजुर्ग महिला हसीना, किशोरी दिलवरी और बुजुर्ग सुलेमान की मौत भी बुखार के कारण हो चुकी है। बुधवार को बरेली से आए मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अखिलेश्वर, डिप्टी सीएमओ डॉ. तहसीन अहमद ने टीम के साथ हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से भी बात की और कैंप कर रही टीम को निर्देश दिए। इधर, मलेरिया विभाग की टीम ने घर-घर जाकर लार्वा की खोज की और एंटीलार्वा का छिड़काव भी कराया।

44 लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां पर लोगों की जांच की। कैंप में कुल 178 लोगों को देखा गया, जिनमें 114 लोगों की आरडीटी किट से जांच की गई। डेंगू के लक्षण प्रतीत होने पर 81 लोगों की एनएस-1 जांच की गई, जिनमें 44 लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए। इसके अलावा 47 लोगों की टाइफाइड की जांच की गई, जिनमें दो मरीज पॉजिटिव निकले। कैंप में लोगों को दवा भी बांटीं। डिप्टी सीएमओ डॉ. तहसीन ने बताया कि संदिग्ध मरीजों के सैंपल भी लिए गए है, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद साफ हो सकेगा।

मलेरिया के 12 मरीज और मिले

बुधवार को जिले में मलेरिया के 12 रोगी मिले। कुल 1049 लोगों की कराई गई जांच के बाद समरेर ब्लॉक के गाजीपुर में दो, जगत ब्लॉक के मरारी में एक, इस्लामनगर के तर्क परौली में दो, सहसवान के जकूपुर और औरंगाबाद में दो-दो मरीज पीवी मलेरिया के मिले। शहरी क्षेत्र में भी तीन मरीज पाए गए। जिला मलेरिया अधिकारी योगेश सारस्वत ने बताया कि प्रभावित इलाकों में विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। इसके अलावा अन्य टीमों द्वारा जिले के सभी ब्लॉकों में एंटीलार्वा का छिड़काव कराकर लार्वा नष्ट कराया जा रहा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button