Shahjahanpur News: हाईवे पर ई-रिक्शा किए जा सकते हैं प्रतिबंधित

कनौजिया मोड़ के पास ई-रिक्शा की वजह से लगा जाम। संवाद
शाहजहांपुर। जल्द ही महानगर में सभी रूट पर ई-रिक्शा का संचालन नहीं हो सकेगा। बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए डीएम उमेश प्रताप सिंह ने ई-रिक्शा के रूट तय करने के निर्देश दिए हैं। वहीं हाईवे पर भी ई-रिक्शा का संचालन बंद हो सकता है।
आरटीओ कार्यालय में करीब पांच हजार ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। अस्पताल रोड, बरेली मोड़ रोड, लखनऊ रोड, हरदोई रोड समेत कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुबह से शाम तक रहती है। अक्सर अस्पताल रोड पर एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं। लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा के संचालन की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए। पार्किंग स्थल भी बनवाए जाने चाहिए।
समस्याओं को देखते हुए डीएम ने बीते दिनों हुई बैठक के दौरान निर्देश दिए थे कि ई-रिक्शा का रूट निर्धारित किया जाए। साथ ही हाईवे पर ई रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित किया जाए। अब डीएम के आदेश पर काम शुरू हो गया है। सबसे पहले ई-रिक्शा की सूची तैयार की जा रही है। ई-रिक्शा संचालन के लिए रूट तय किए जा रहे हैं। संवाद

