रजा लाइब्रेरी के ढाई सौ साल पूरे होने पर मनाया जाएगा महोत्सव : मंडलायुक्त
रामपुर। ऐतिहासिक रजा लाइब्रेरी के 250 साल पूरे होने पर अक्तूबर में रामपुर महोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए रजा लाइब्रेरी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बाबत बैठक कर महोत्सव की तैयारियों का रोडमैप तैयार किया गया। जिसमें मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि रामपुर में यह महोत्सव ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।शनिवार को मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह रामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने रजा लाइब्रेरी के रंग महल में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, शहर विधायक आकाश सक्सेना, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह सहित रजा लाइब्रेरी के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय किया गया है कि यह साल रामपुर रजा लाइब्रेरी के लिए ऐतिहासिक है। विश्व प्रसिद्ध लाइब्रेरी को ढाई सौ साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में अक्तूबर में रामपुर महोत्सव उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि इस ऐतिहासिक समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हो सकती हैं। इसके लिए एक प्रजेंटेशन तैयार की जा रही है।
जिसमें रजा लाइब्रेरी में होने वाली सभी गतिविधियां शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि यहां होने वाले आयोजनों में रामपुर महोत्सव, स्कालर स्पीच, बुक बाइंडिंग प्रतियोगिता, गजल महोत्सव, फूड फेस्टिवल, रामपुर के शायरों की याद में मुशायरा, बडे़ विद्धानों का सेमिनार, आर्ट एंड आर्किटेक्चर शो, रजा लाइब्रेरी की डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण आदि शामिल हैं।
इस दौरान रजा लाइब्रेरी के सौंदर्यीकरण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रजा लाइब्रेरी की बिल्डिंग ऐतिहासिक है। ऐसे इसके मूल स्वरूप में तो कोई बदलाव नहीं किया जा सकता, लेकिन किला परिसर की तमाम सरकारी इमारतों का अधिग्रहण कर सौंदर्यीकरण और किला परिसर को हेरिटेज घोषित कराया जा सकता है। उन्होंने अपने सुझाव भी दिए। इसके अलावा अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि रजा लाइब्रेरी में सभी आयोजन उत्कृष्ट होंगे।