Rampur News: प्रसूता की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा
रामपुर। मिलक से सटे हाईवे किनारे एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन महिला को हायर सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने महिला के शव को अस्पताल लाकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि प्रसव दौरान महिला को ऑक्सीजन न मिलने के कारण उसकी मौत हुई, हालांकि बाद में समझौता हो गया।
शनिवार को हाईवे किनारे गांव जालिफनगला के निकट एक निजी अस्पताल में क्षेत्र निवासी युवक अपनी गर्भवती पत्नी का प्रसव कराने पहुंचा था। अस्पताल में प्रसूता को भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन से प्रसव की सलाह दी। ऑपरेशन से प्रसव में महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चा स्वस्थ हैं, लेकिन दो घंटे बाद महिला हालत बिगड़ गई। परिजन आनन फानन में महिला को हायर सेंटर लेकर पहुंचे थे। यहां पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन महिला के शव को लेकर अस्पताल पहुंचे और काफी देर तक हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि अस्पताल में ऑक्सीजन न मिल पाने की वजह से महिला की मौत हुई है। वहीं डॉक्टरों ने बताया कि प्रसव बाद महिला को दौरे पड़े थे। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और भीड़ जमा हो गई। हालांकि बाद में परिजन और अस्पताल प्रशासन के बीच समझौता हो गया। परिजन शव को यहां से ले गए। कोतवाली प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।