फुटबॉल : फतेह सिंह क्लब ने वीर जोरावर टीम को हराया

उझानी में फुटबॉलर छात्रों से परिचय प्राप्त करते शंकर गुप्ता। स्रोत- आयोजक
उझानी। लिसनिंग मैक्स-21 फाउंडेशन के तत्वावधान में चल रहे वीर बाल दिवस सप्ताह के तहत रविवार को अंडर-14 वर्ग के फुटबॉल मैच में फतेह सिंह क्लब ने वीर जोरावर टीम को 2-1 से हरा दिया। विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
हरबिलास गोयल इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर फुटबॉल मैच पूर्वाह्न शुरू हुआ। गुरु गोविंद सिंह के शहीद पुत्र फतेह सिंह और जोरावर सिंह के नाम से बनी टीमों में शामिल खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। फतेह सिंह क्लब के खिलाड़ियों ने शुरुआत में ही दो गोल दाग दिए। जोरावर टीम महज एक गोल कर पाई। उसे हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले मुख्य अतिथि भाजपा नेता शंकर रुद्र गुप्ता और अमित प्रताप सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा फाउंडेशन के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता की ओर से उत्तर प्रदेश स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाले आदित्य राना, अर्जुन कश्यप, सार्थक पाल को वीर बालक सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर फाउंडेशन के चेयरमैन रोहित बधवार, रवि यादव, लवनीश साह, चांद मोहम्मद, नेहा बी और इकबाल अहमद मौजूद रहे।