आज दफन होंगे ताजिये: घर से निकलने से पहले जरूर देख लें रूट प्लान, बरेली में रात 10 बजे तक रहेगा डायवर्जन

बरेली में रूट डायवर्जन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में शनिवार सुबह छह बजे से शहर के अलग-अलग मोहल्लों से ताजिये दफन होने के लिए निकलने लगे। शहरभर से करीब 200 ताजिये किला क्षेत्र में स्थित कर्बला में दफन होंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां की हैं।
पूरे शहर में शनिवार सुबह 6 से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। खासकर किला रोड के एक हिस्से से वाहन नहीं निकल सकेंगे। वह ताजियों के लिए आरक्षित रहेगी। ऐसे में जरूरी है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य कर लें।
एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि सिटी स्टेशन रोड पर सड़क का एक हिस्सा सिर्फ ताजियों के लिए आरक्षित रहेगा। दूसरे हिस्से से दोनों तरफ के वाहनों को गुजारा जाएगा।
इसके अलावा श्यामगंज से कालीबाड़ी के रास्ते पुराना बस अड्डे की ओर जाने वाले बड़े और चार पाहिया वाहनों को रोका जाएगा। इन्हें श्यामगंज से विकास भवन के रास्ते गांधी उद्यान से चौकी चौराहा और पटेल चौक होते हुए पुराना बस अड्डे भेजा जाएगा। इसके अलावा रजऊ परसपुर से भारी वाहन सिर्फ ट्रांसपोर्ट नगर तक ही आ सकेंगे।



