धान खरीद : प्रशासन की सख्ती पर 156 वाहनों में लगे जीपीएस
जीपीएस लगने के बाद 45 फीसदी हुआ धान का उठान
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। केंद्राें पर खरीदे गए धान को राइस मिलों पर पहुंचाने में लगे वाहनों में जीपीएस न लग पाने से उठान नहीं हो पा रहा था। प्रशासन ने जब ठेकेदारों पर सख्ती की तो 156 वाहनों में जीपीएस लग गया। इससे 45 प्रतिशत धान का उठान हो गया है। शेष ठेकेदारों को भी जल्द ही वाहनों में जीपीएस लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले के 161 क्रय केंद्रों पर खरीदा गया धान ठेकेदारों की जिद के चलते नहीं उठ पा रहा था। इससे चावल की रिकवरी पर भी प्रभाव पड़ रहा था। शासन का आदेश था कि धान उठान में लगे वाहनों में जीपीएस को लगाया जाए। ठेकेदार इसको लेकर विरोध कर रहे थे।
ठेकेदारों की मनमानी को लेकर डीएम ने जब कार्रवाई की चेतावनी दी और जिला प्रबंधकों से जवाब-तलब किया तो वाहनों में जीपीएस लगने शुरू हो गई। करीब दस दिन पहले 110 वाहनों में जीपीएस लगाया जा चुका था। इससे धीरे-धीरे धान का उठान शुरू कर दिया गया। इसके बाद जब समीक्षा की गई तो 20 वाहन ऐसे सामने आए जिसमें जीपीएस नहीं लगा था।
इस पर इन ठेकेदारों के खिलाफ सात दिन में सुधार न होने पर कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए। प्रशासन की इस सख्ती असर दिखा। अब जिले में धान उठान के लिए 156 वाहनों पर जीपीएस लग गया है। इसी का नतीजा है कि जिले में 45 प्रतिशत धान का उठान हो चुका है।
00
शेष पांच वाहनों को लेकर फिर जारी हुई चेतावनी
जिले में अभी पांच वाहन ऐसे बचे हैं जिसमें जीपीएस नहीं लग सका है। इनके ठेकेदारों को फिर से चेतावनी जारी की गई है। कहा गया है कि तीन दिन में जीपीएस लगवाकर उठान नहीं किया गया तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
00
पांच वाहनों में अभी जीपीएस नहीं लगा है। ठेकेदारों को तीन दिन में लगवाने के लिए कहा गया है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
– वीके शुक्ला, डिप्टी आरएमओ