Pilibhit News: दिनभर उमड़ते रहे बादल, बढ़ी ठंड

शहर में बुधवार की दोपहर आसमान में दाये बादल । संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। तराई के जिले में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को सुबह से लेकर शाम तक बार-बार बादल उमड़ते रहे। ऐसे में ठंड और बढ़ गई। मौसम विभाग ने अभी और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है, लेकिन फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं हैं।
सुबह आसमान पर हल्के बादल उमड़े। कुछ देर के लिए सूर्य बादलों की ओट में हो गया, लेकिन फिर बादल छंटते ही धूप खिल उठी। कुछ देर धूप खिलने के बाद पूरे दिन बारबार सूर्यदेव बादलों की ओट में छिपते रहे। ऐसे में दिनभर सही से धूप न खिलने एवं सर्द हवाओं के चलने के कारण लोगों को ठंड का अहसास होता रहा।
सुबह टहलने के लिए निकले लोग स्वेटर एवं टोपे लगाकर निकले। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले समय में दिन एवं रात का तापमान गिरेगा। ऐसे में अगले एक-दो दिन तक कोहरा भी छा सकता है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर बाजार में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर भी गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ नजर आई। लोगों ने स्वेट शर्ट, गर्म टी-शर्ट, स्वेटर, जैकेट, कैप आदि की जमकर खरीदारी की।