Pilibhit News: गुरुजी गैरहाजिर… बच्चे आए, खेले-खाए और चले गए

देशनगर प्राथमिक स्कूल में भोजन करते बच्चे । संवाद
पीलीभीत। बेसिक स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। बुधवार को शहर में स्थित देशनगर के प्राथमिक विद्यालय में बच्चे पहुंचे तो शिक्षिका नहीं थीं। ऐसे में यहां पूरे दिन पढ़ाई नहीं हो सकी और बच्चे खेलकूद खा-पीकर घर लौट गए।
देशनगर के प्राथमिक विद्यालय में एक मात्र शिक्षिका दीपशिखा तैनात हैं, जो स्कूल की इंचार्ज भी है। उन्होंने दो दिनों का अवकाश ले रखा है, जिसकी सूचना विभागीय अफसरों को भी दी । शिक्षिका के अवकाश पर जाने पर बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो इसको ध्यान में रखते हुए विभागीय अफसरों ने मोहल्ला शेर मोहम्मद के प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका साजिया सुल्ताना को जिम्मेदारी दी।
विभाग ने इसका आदेश भी शिक्षिका को भेज दिया, बावजूद इसके बुधवार दोपहर 12 बजे तक संबंधित शिक्षिका स्कूल नहीं पहुंचीं। ऐसे में स्कूल में बच्चे मस्ती करते नजर आए।
–
मैं अवकाश पर हूं, जिसकी सूचना विभागीय अफसरों को देदी है। मेरी जगह शेर मोहल्ला की शिक्षिका की ड्यूटी लगाई गई है।
-दीप शिखा, शिक्षिका, प्राथमिक विद्यालय देशनगर
–
मुझे देर से आदेश मिला, जिसकी वजह से समय पर स्कूल नहीं पहुंच सकी। सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने का काम किया।
-साजिया सुल्ताना, शिक्षिका प्राथमिक विद्यालय शेर मोहम्मद
प्राथमिक विद्यालय देशनगर की शिक्षिका अवकाश पर होने से की वजह से शेर मोहम्मद स्कूल की शिक्षिका को तैनात किया, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। अगर वह शिक्षिका स्कूल नहीं गई हैं तो यह गंभीर विषय है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
– शिव शंकर मौर्या, बीईओ मरौरी