Budaun News: बरात में खाना बना रहा कारीगर झुलसा, गर्म तेल उड़ेलने का आरोप
बदायूं। मूसाझाग में मंगलवार रात एक शादी समारोह में खाना बना रहा कारीगर झुलस गया। उसने दूल्हे के परिवार वालों पर कड़ाही से खौलता तेल फेंकने का आरोप लगाया है।
ग्राम मूसाझाग निवासी पन्नालाल की बेटी की मंगलवार शाम कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा से बरात आई थी। बरात चढ़ने के बाद सभी बराती और रिश्तेदार खाना खा रहे थे। हलवाई तरुण के साथ गिधौल निवासी कारीगर राजेश खाना बना रहा था। आरोप है कि दूल्हे के चाचा तीन-चार लोगों के साथ आए और तंदूर गर्म न होने पर भड़क गए।
उन्होंने गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि राजेश ने विरोध किया तो कड़ाही का खौलता तेल उस पर लौट दिया। इससे राजेश गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर राजेश के परिजन मौके पर पहुंच गए। वह राजेश को जिला अस्पताल ले गए। उन्होंने तीन बरातियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी एसओ तिलक सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर आई है। जांच कराई जा रही है। संवाद