घृणा से कभी घृणा समाप्त नहीं होती : डॉ.करुणाशील

बौद्ध प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते बौद्ध भिक्षु डॉ .करूणशील राहुल। संवाद
बिसौली। बौद्ध भिक्षु डॉ.करुणाशील राहुल ने कहा कि भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक और बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य के जीवन में खुशहाली आ सकती है। बुद्ध संदेशों से परिपूर्ण जीवन शैली में ही मानवता का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।
सम्राट अशोक व डॉ. आंबेडकर के धम्म दीक्षा दिवस पर तहसील क्षेत्र के बौद्ध अनुयायियों और राष्ट्रीय दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक फेडरेशन द्वारा क्षेत्रीय बौद्ध गोष्ठी का आयोजन एक फार्म हाउस पर किया गया। इसमें पलवल हरियाणा से आए मुख्य अतिथि बौद्ध भिक्षु डॉ. करुणाशील भगवान बुद्ध ने अपने अहिंसक अनुयायियों को उपदेश दिए कि घृणा से कभी घृणा समाप्त नहीं होती। केवल प्यार से घृणा मिटती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बौद्ध उपासक डॉ. क्रांति कुमार ने कहा कि मानव अधिकारों के प्रति समर्पित होने के लिए बुद्ध वचनों से श्रेष्ठ विचार कोई और नहीं हो सकता क्योंकि यह वैज्ञानिक और पंथनिरपेक्ष है। कार्यक्रम में रामस्वरूप बौद्ध, नरेश भारती, अशोक कुमार, जीतू बौद्ध, श्यामवीर सिंह, कृष्णा कुमारी, पूजा बौद्ध, कंचन भारती, आनंद भारती, अरुण कुमार, अजीत, हेम सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन हरिओम चाहल ने किया।