दिल दहलाने वाला हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से 30 फीट दूर जाकर गिरा मासूम, फिर उठ खड़ा हुआ; टेंपो सवार तीन की मौत

बरेली-नैनीताल हाईवे पर हुआ था हादसा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के देवरनियां क्षेत्र में सोमवार को नैनीताल हाईवे पर हुए भीषण हादसे का वीडियो सामने आया है। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो सवार एक मासूम बच्चा करीब 30 फीट दूर जाकर गिरा। इसके बाद वह तुरंत उठ खड़ा हुआ। बता दें कि इस हादसे में टेंपो चालक और मां-बेटी की मौत हो गई थी। परिवार के छह लोग घायल हुए हैं। इनमें मासूम बच्चा भी शामिल है।
हादसा बरेली-नैनीताल हाईवे पर सेमीखेड़ा के पास हुआ। गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने सामने से टेंपो को टक्कर मार दी थी। हादसे में सीबीगंज के गांव तिलियापुर निवासी रफीक की बानो, बेटी अंगूरी और टेंपो चालक खादिम की मौत हो गई थी। जबकि रफी का बेटा भूरा, उसकी पत्नी खूशबू, भूरा के दो बेटे सैफ और अलफेज व परिवार की इमराना घायल हुई हैं।
संबंधित खबर- सड़क हादसे में तीन की मौत: हाथों की मेहंदी छूटने से पहले ही बेवा हुई मिशबा, रफीक ने पत्नी-बेटी को खोया
परिवार के सभी लोग बैहरम शाह बाबा के उर्स में कस्बा मुड़िया जागीर जा रहे थे, लेकिन हादसे दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसा हाईवे किनारे स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो सवार मासूम काफी दूर जाकर गिरता दिखाई दे रहा है। वह उठने लगता है। तभी दुकान से एक व्यक्ति दौड़कर आता है और उसे गोद में उठा लेता है।



