दिल दहला देने वाली वारदात: बेटी को कंधे पर बैठाकर जा रहा था पिता, हमलावर आया और सिर में मार दी गोली

बाइक से आए थे हमलावर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
शाहजहांपुर के मोहल्ला बाबूजई में रविवार शाम को बाइक से आए हमलावर ने सरेराह शोएब उर्फ शब्बू (28) के सिर में गोली मार दी। शब्बू अपनी बेटी को कंधे पर बैठा घर जा रहा था, उसी वक्त हमलावर ने वारदात को अंजाम दिया। गोली लगते ही शब्बू बच्ची समेत सड़क पर गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन हमलावर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को फुटेज में बाइक का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा है।
पुलिस ने घायल शोएब को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां से उसे बरेली रेफर किया गया। देर रात उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी को चेक किया है। इसमें तीन हमलावर दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में शोएब अपने कंधे पर बेटी को बैठाकर जाते दिख रहा है, तभी सामने से एक हमलावर आता है। वह पैंट से तमंचा निकालकर उसके सिर में गोली मार देता है।
ये भी पढ़ें- दहेज के दानव ने ली जान: मंगेतर ने तोड़ा रिश्ता…युवती ने कर ली आत्महत्या; वीडियो में रो-रोकर बयां किया दर्द
आगे बाइक लेकर खड़े थे दो हमलावर
शोएब को गोली मारने के बाद हमलावर आगे खड़े अपने साथियों की बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है। फुटेज में पुलिस को बाइक का नंबर नजर नहीं आ रहा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफतार कर लिया जाएगा।