Janmashtami 2023: आधी रात को जन्मेंगे कन्हाई… बरेली के भक्तों में खुशियां छाईं; मंदिरों में भव्य सजावट

श्रीबांकेबिहारी मंदिर, बरेली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। बुधवार शाम से ही शहर के मंदिर रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से जगमगा उठे। मंदिरों में झांकियां सज गई हैं, जिन्हें देर रात तक अंतिम रूप देने की कवायद चलती रही। मंदिरों में ठाकुरजी का दिव्य शृंगार, विद्युत सज्जा व फूल बंगला आकर्षण का केंद्र है। भगवान के दर्शन के लिए भी बेहतर व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी हो।
जन्माष्टमी को लेकर कुछ मंदिरों में बुधवार से ही कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को शहर के मंदिरों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसमें श्रीहरि मंदिर में रात आठ बजे से बाल नृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रात में 12 बजे आरती के बाद प्रसाद वितरण होगा। श्रीबांके बिहारी मंदिर में शाम सात बजे से महिला मंडल की ओर से संकीर्तन व बाल गोपाल नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
ये भी पढ़ें- Janmashtami 2023: बरेली के श्री हरि मंदिर में भव्य सजावट, यहां राधाकृष्ण के युगल रूप में होते हैं दर्शन
इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम होगा। मारबाड़ीगंज स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर में शाम सात बजे से कीर्तन और भजन संध्या होगी। बिहारीपुर ढाल स्थित ठाकुर बिहारीजी महाराज मंदिर में रात आठ बजे आरती होगी होगी। इसके बाद रात नौ बजे से भजन कीर्तन के कार्यक्रम होंगे। रात 12 बजे अभिषेक के बाद आरती होगा।



