ककोड़ा मेला: गंगा तट पर आस्था-मनोरंजन के संगम में डुबकी लगा रहे श्रद्धालु, कल्पवास के लिए पहुंचे साधु-संत

गंगा तट पर बसा ककोड़ मेला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के कादरचौक में गंगा के किनारे तंबुओं का शहर बसकर लगभग तैयार हो चुका है। आस्था और मनोरंजन के इस संगम में डुबकी लगाने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंच रहे हैं। ककोड़ा मेले का औपचारिक उद्घाटन होना बाकी है। दुकानदारों के साथ खेल-तमाशे और सर्कस समेत तमाम दुकानदार पहुंच चुके हैं। कल्पवास में जनमानस के साथ संत समाज का भी जमावड़ा देखने को मिल रहा है।
जिला मुख्यालय से लेकर नौशेरा, शेखूपुर कादरचौक होते हुए मेला स्थल तक पहुंचने वाला मार्ग इन दिनों सबसे ज्यादा व्यस्त है। कल्पवास के लिए लोग ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और बैलगाड़ियों से भी रवाना हो चले हैं। मेले में सर्कस की टोली भी पहुंच चुकी है। मीना बाजार में हलचल है।
ये भी पढ़ें- Pilibhit Accident: इकलौती बहन की सगाई में आया था अजय, उसकी भी गई जान; तीन मौतों से परिवार में कोहराम
ढोलक की दुकानों पर सबसे ज्यादा रौनक दिख रही है। खजला और जलेबी की दुकानों पर बिक्री होने लगी है। साधु-संत भी अपने अलग अंदाज में धूनी रमाए हुए हैं। तड़के गंगा में डुबकी लगाकर भजन-कीर्तन करने के बाद ये संत लोगों को संस्कृति की रखवाली और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।
मेला में कुछ लोग अपने परिवारों के साथ धार्मिक आस्था लेकर आए हैं, तो कुछ को ये शहरी भागदौड़ से हटकर सुकून के कुछ दिन जीने का माध्यम भी है तो कुछ मनोरंजन के लिए यहां आए हैं।