बरेली

Bareilly News: उमड़े खरीदार तो बढ़ी मेले की रौनक, बच्चों ने उठाया झूलों का लुत्फ

Connect News 24

बरेली। चौबारी मेले में खरीदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। झूले सजकर तैयार हैं। सर्कस के लिए टेंट लगाया जा रहा है। शुक्रवार को खरीदारों के पहुंचने से मेले की रौनक बढ़ गई। बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाया। ठेलों पर चाट-पकौड़ी का स्वाद भी लिया।

सड़क के किनारे सिलबट्टे बनाने का काम तेज हो गया है। दुकानदार संतोषी ने बताया कि मेले में इनकी काफी मांग होती है। दूर-दूर से आने वाले खरीदार सिलबट्टे ले जाते हैं। अंगूरी गांव की गलियां भी दुकानों से गुलजार होने लगी है। यहां फलों समेत अन्य दुकानें सजने लगी हैं। इस बार बच्चों को लुभाने के लिए ऑक्टोपस, ड्रैगन, टॉय ट्रेन, बोटिंग आदि झूले लगाए गए हैं। मौत के कुएं में बाइक और कार चलाने वाले गुड्डू ने बताया कि वह 24 साल से यह काम कर रहे हैं। कुएं में गाड़ी चलाते समय रोड पर वाहन चलाने जैसी भावना मन में रहती है। इसलिए कोई अनहोनी नहीं होती है।

पहली बार संभल का गोल्डन सर्कस मेले में शो करेगा। इसकी टीम शनिवार को मेले में आएगी। इससे पहले सेटअप तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम तक साफ-सफाई की जाती रही। मेले में लोगों के लिए धूल समस्या न बनें, इसके लिए पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। साथ ही परिसर में फॉगिंग भी की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चौबारी मेले में जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें प्राधिकरण के सचिव सत्य प्रकाश आर्य ने नौ दिसंबर को लगने वाली लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर विवादों को निपटाने के लिए प्रेरित किया।

चौबारी मेले में पहुंचे आईजी डॉ. राकेश सिंह ने स्नान घाट व नखासे का जायजा लिया। गोताखोरों की तैनाती, वॉच टावर व सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता को लेकर हिदायत दी। मेला व गंगा स्नान घाट पर ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। घाट के पास महिलाओं के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया। गोताखोरों को अपने पास पहचान पत्र रखने व चिह्नित स्थान पर ही मौजूद रहने का निर्देश दिया। कहा कि गोताखोरों को एक टीशर्ट दी जाएगी, जिस पर बरेली पुलिस लिखा रहेगा। नाव चालकों को अपने पास पर्याप्त लाइफ जैकेट रखने के निर्देश दिए गए। ब्यूरो

मेला सुरक्षा प्रभारी एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि सुरक्षा के लिए एक मेला कोतवाली व सात पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। चार जोन बनाकर सभी के प्रभारी इंस्पेक्टर स्तर के बनाए गए हैं। पांच वॉच टावर बनाकर उन पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एंटी रोमियो स्कवॉड भी तैनात रहेंगे। कई पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में गश्त करेंगे। कई पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। अग्निशमन कर्मियों की भी तैनाती की गई है। झूलों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button