उर्स-ए-रजवी: दरगाह प्रमुख व सज्जादानशीन का पैगाम- बच्चों को दें अच्छी परवरिश, बालिग होने पर करा दें शादी

दरगाह आला हजरत, बरेली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में आला हजरत के 105वें उर्स-ए-रजवी के मौके पर दरगाह सरपरस्त हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसान रजा कादरी (अहसन मियां) ने दुनियाभर के अकीदतमंदों को पैगाम जारी किया। उन्होंने कहा कि ये बड़ी खुशी के पल हैं कि हम लोग अपने रूहानी पेशवा आला हजरत फाजिले बरेलवी का उर्स मना रहे हैं।
आला हजरत ने अपनी इल्मी और दीनी शिक्षा से मुसलमानों में जो जहनी इंकलाब पैदा किया, उसकी शहादत हमारी पूरी सदी दे रही है। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी इस्लाम व सुन्नियत को बढ़ावा देने में गुजार दी। आला हजरत ने मुल्क व मिल्लत की ऐसी बेमिसाल खिदमत अंजाम दी कि आज बरेली का नाम पूरी दुनिया में रोशन हो रहा है।
ये भी पढ़ें- बरेली के उलमा बोले: लोकसभा चुनाव में उसी को देंगे वोट, जो पास कराएगा ये बिल; जारी किया मुस्लिम एजेंडा
इस मौके पर दुनियाभर के मुसलमान संकल्प करे कि हम लोग अल्लाह की रस्सी को मजबूती से थामे रखेंगे। मसलक-ए-अहले सुन्नत व मसलक आला हज़रत पर सख्ती से कायम रहते हुए हर फर्ज़ और वाजिब को अपने वक्तो पर अदा करते रहेंगे। नमाज की पाबंदी, कुरान और हदीस के मुताबिक अपनी जिंदगी गुजारेंगे। शरीयत-ए-इस्लामिया और अहले सुन्नत के साथ अपने मुल्क की तरक्की व खुशहाली के लिए काम करेंगे।



