एक ग्राम भी राशन कम मिले तो करें शिकायत : विधायक
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने रविवार को 200 से अधिक पात्र लाभार्थियों को राशनकार्ड वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी राशनकार्ड धारक को एक ग्राम राशन भी कम मिले तो वह इसकी जानकारी तुंरत कार्यालय पर आकर दे। संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
आकाश सक्सेना ने विधायक बनने के बाद से ही रामपुर सेवक कार्यालय को क्रियाशील कर दिया है। जहां सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद की जा रही है। राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि योजना आदि का लाभ निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। कार्यालय में राशन कार्डों के दो हजार से भी अधिक आवेदन आ गए हैं, जिनमें से पात्रता के आधार पर अब तक चार सौ लोगों के राशन कार्ड बनवा दिए गए हैं। दो सौ लाभार्थियों को तो रविवार को ही राशन कार्डों का वितरण किया गया। राशन कार्ड वितरण के दौरान विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के सबका विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


