Rampur News: जानलेवा बना कोल्ड डायरिया, एक साल के बच्चे की मौत
रामपुर। क्षेत्र के डिलारी गांव में कोल्ड डायरिया से पीड़ित एक वर्षीय बच्चे शिफान की मौत हो गई। बच्चा तीन दिन से बीमार था। उसका इलाज निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था, लेकिन हालात नहीं सुधरी। शनिवार की रात बच्चे की हालत बिगड़ी तो उसे मिलकखानम पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी साकिब मजदूरी करते हैं। उनके एक वर्षीय बेटे शिफान को बृहस्पतिवार को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। पहले तो उसका इलाज स्थानीय चिकित्सक के यहां कराया गया। जब सुधार नहीं हुआ तब उसे स्वार के मोहल्ला रसूलपुर स्थित एक अन्य निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी हालत में मामूली सुधार हुआ तो चिकित्सक ने उसे घर ले जाने को कहा।
बच्चे के पिता ने बताया कि शनिवार की रात एक बजे तक उसका बेटा ठीक लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद वह बेहोश हो गया। बच्चे को मिलकखानम स्थित पीएचसी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। साकिब की एक तीन साल की बेटी है। मिलकखानम पीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डाॅ. सतीश कुमार ने बताया कि बच्चे को कोल्ड डायरिया हुआ था। गांव में टीम भेजी जाएगी ताकि अन्य बच्चों के स्वास्थ्य की जांच हो सके।
कोल्ड डायरिया होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं
रामपुर। जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लव सिंघल के अनुसार सर्दी में बच्चे को उल्टी-दस्त, जी मचलना, सीने में दर्द हो या सांस लेने पर सीटी की तरह आवाज आए तो ये सब कोल्ड डायरिया के लक्षण हो सकते हैं। इससे बचाव के लिए बच्चे को गर्म कपड़े पहनाकर रखें। गुनगुना पानी और दूध पीने को दें। दूध की बोतल साफ रखें। बच्चे को कुछ देर धूप में बैठाएं। दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।


