मोदी का नेतृत्व भारत को विश्व गुरु बनाने की गारंटी : नकवी
रामपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुखतार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व भारत के ग्लोबल गौरव, ग्लैमर और भारतीयों की गरिमा को गौरवान्वित करने वाला साबित हुआ है। शंकरपुर स्थित अपने आवास पर रविवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सुशासन की सफलता भारत के सम्मान, स्वाभिमान, समृद्धि, सुरक्षा की प्रतीक बन गयी है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर तंज करते हुए कहा कि मोदी के काम के गुणा ने विरोधियों का गणित बिगाड़ दिया है, जिसके चलते फील्ड के फिसड्डी फिक्सिंग की कबड्डी में जुट गए हैं। उन्होंने विपक्ष के एकजुट होकर चुनाव लड़ने के मंसूबों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ”फील्डिंग के अनाड़ी, फिक्सिंग के खिलाड़ी, बनकर किस्मत आजमा रहे हैं। जब फील्ड फिसलन भरी हो तो बैटिंग, फील्डिंग, फिक्सिंग सब फेल हो जाती है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश की जरूरत हैं। उनका नेतृत्व भारत को विश्व गुरु बनाने की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि हमें 2024 के चुनाव में विपक्ष को एक बार फिर चारों खाने चित करने के संकल्प के साथ काम करना होगा। उन्होंने सिविल लाइन में नई आवास विकास में एलआईसी के सामने स्थित पार्क में पारिजात का पौधा भी लगाया। इस मौके पर कहा कि सभी लोग पेड़ लगाने का संकल्प लेकर प्रकृति को बचाने के विकल्प का साथ देना चाहिए। इस अवसर पर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, सूर्य प्रकाश पाल, ज्वाला प्रसाद गंगवार, महासिंह राजपूत, मोहन लोधी, कपिल आर्य, जागेश्वर दयाल दीक्षित, मोहनलाल सैनी आदि मौजूद रहे।