Nath Corridor: बरेली में भगवान शिव के नाम से होंगे सभी प्रवेश द्वार, इन्वर्टिस तिराहे पर होंगे ओम के दर्शन

ऐसा होगा वनखंडीनाथ द्वार
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के सभी चार प्रवेश द्वारों का नामकरण भगवान शिव के नाम पर होगा। सभी के नाम तय कर प्रवेश द्वार पर होने वाली चित्रकारी आदि का लेआउट जारी किया गया है। नाथ कॉरिडोर के तहत सभी सात नाथ मंदिरों की सड़कों को जोड़ा जा रहा है। शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर व बदायूं रोड पर प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।
अब उनके नाम भी तय कर दिए गए हैं। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के पास अलखनाथ, बीसलपुर रोड पर केदारनाथ, बदायूं रोड पर पशुपतिनाथ, रामपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित प्रवेश द्वार को भगवान शिव के आराध्य श्रीराम के नाम से अलंकृत किया गया है।
नाथनगरी कॉरिडोर में नाथ सर्किट को भव्यता देने के लिए कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने बरेली के अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, पशुपतिनाथ, तपेश्वर नाथ, वनखंडी नाथ मंदिर समेत सभी सातों नाथ मंदिरों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने इनवर्टिस तिराहे पर बन रहे अलखनाथ द्वार का भी जायजा लिया।



