सही आंकड़े उपलब्ध कराएं अधिकारी : गुलाब देवी

सलारपुर ब्लाक के गांव सिलहरी में अम्रत कलश में मिट्टी व अक्षत एकत्र करतीं प्रभारी मंत्री गुलाब
बदायूं। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह सही आंकड़े उपलब्ध कराएं। ऐसे आंकड़े न भेजें, जिन पर प्रश्न चिह्न लगे। अधिकारी ईमानदारी, कर्तव्य निष्ठा और सेवा भाव के साथ में काम करें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने आप को जनता का प्रधान सेवक कहते हैं, इसलिए अधिकारी भी जनता का सेवक बनाकर कार्य करें। उन्होंने एमडीएम को नियमित रूप से चेक करने के लिए कहा। कहा कि बच्चों को अच्छी पढ़ाई के साथ-साथ पौष्टिक आहार मिले। सीडीओ केशव कुमार ने सोलर फोटो वोल्टिक पंप, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी। एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने बताया कि राजस्व वादों के निस्तारण में जिला प्रदेश में तीसरा स्थान पर है। इस दौरान विधायक सदर महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक, सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।
अमर शहीदों की याद में शिलाफलक का लोकार्पण
जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने शुक्रवार को ब्लॉक सालारपुर के गांव सिलहरी में अमृत कलश यात्रा का नेतृत्व करते हुए ग्रामीणों से मिट्टी व अक्षत लिया। उन्होंने कहा कि अमृत कलश यात्रा जनमानस में देश प्रेम की भावना उत्पन्न करने के दृष्टिगत चलाया जा रहा है। उन्होंने प्राथमिक संविलियन विद्यालय सिलहरी में अमर शहीदों की याद में शिलाफलक का लोकार्पण भी किया। उसके बाद में सभी ने पंचप्रण की शपथ ली। सीडीओ केशव कुमार, डीडीओ श्वेतांक पांडेय आदि मौजूद रहे।