धान खरीद : पहले दिन 47 केंद्रों में सिर्फ दो पर बोहनी

मंडी समिति में धान की खरीद से पहले कांटे का पूजन करते सदर विधायक। संवाद
शहर और दातागंज में हुई खरीद की शुरुआत, खरीदा गया 30 क्विंटल धान
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। धान खरीद के पहले दिन 47 क्रय केंद्रों में सिर्फ दो पर बोहनी हो सकी। शहर और दातागंज के दो क्रय केंद्रों पर सिर्फ 30 क्विंटल धान खरीदा गया। इधर, आढ़तों पर भी पहले भी दिन काफी कम संख्या में किसान धान लेकर पहुंचे। यहां बता दें कि इस बार 58,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य जिले को दिया गया है। धान खरीद से जुड़े अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि एक-दो दिन में धान क्रय की गति बढ़ जाएगी। इस बार शासन ने धान का सरकारी मूल्य 2183 तय किया है, जबकि ग्रेड ए के धान का मूल्य 2203 रुपये है।
पहले दिन शहर की मंडी में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, एडीएम एफआर राकेश कुमार पटेल और क्षेत्रीय विपणन अधिकारी बलवंत सिंह की मौजूदगी में ईकरी बसियानी के अमीन पाल से चार क्विंटल धान की खरीद की गई। जबकि दातागंज में विधायक राजीव कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, एसडीएम धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में दातागंज निवासी दुर्विजय सिंह से 26 क्विंटल धान खरीदा गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने क्रय केंद्र प्रभारियों को हिदायत दी है कि धान बेचने के लिए आए किसानों से शालीनता से बात की जाए। उनके लिए छाया, बैठने, पानी व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
–
मंडी में पांच केंद्र, सिर्फ एक पर खरीद
बदायूं। मंडी में विपणन और यूपीएसएस के दो-दो और एफसीआई का एक क्रय केंद्र बनाया गया है। इसमें विपणन के एक केंद्र पर किसान से चार क्विंटल धान की खरीद की गई। जबकि बाकी केंद्रों पर स्टाॅफ किसानों की राह दिखते रहे। संवाद
–
सहसवान : किसानों का इंतजार करते बीता दिन
सहसवान। नगर में स्थित मंडी में दो क्रय केंद्रों स्थापित किए गए हैं। पूर्वाह्न 11 बजे दोनों क्रय केंद्राें पर प्रभारी मौजूद मिले। कर्मचारी अपने-अपने काम में व्यस्त थे। यूपीएसएस के क्रय केंद्र प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आज कोई भी किसान धान बेचने नहीं आया।
–
कुंवरगांव : पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध
कुंवरगांव। सरकारी क्रय केंद्र पर सिगाई क्रय केंद्र प्रभारी सेवाराम मौजूद थे। उन्होंने बताया कि पर्याप्त मात्रा में वारदाना उपलब्ध है। किसानों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा धान की खरीद की जा सके। अधिकतर किसान अभी धान नहीं कटने की बात कह रहे हैं। संवाद
धान खरीद के पहले दिन दातागंज और बदायूं के एक-एक सेंटर पर 30 क्विंटल धान की खरीद की गई है। साथ ही सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वह किसानों से लगातार संपर्क करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा धान की खरीद हो सके।
-अतुल वशिष्ठ, डिप्टी आरएमओ
अभी धान की फसल खेतों में खड़ी है। ऐसे में अभी विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण नहीं कराया है। फसल कटने के बाद बाजार और सरकारी क्रय केंद्रों के मूल्य देखेंगे। जिसमें फायदा होगा, वहां पर धान बचेंगे।
-नत्थू लाल, गंज
धान की फसल कटने में अभी काफी समय है। जिसकी वजह से अभी क्रय केंद्र पर जाना नहीं हुआ है। बस फोन पर मूल्य आदि के बारे में पता किया था। जो बाजार मूल्य के करीब है।
-रजत, कुंवरगांव

मंडी समिति में धान की खरीद से पहले कांटे का पूजन करते सदर विधायक। संवाद

मंडी समिति में धान की खरीद से पहले कांटे का पूजन करते सदर विधायक। संवाद

मंडी समिति में धान की खरीद से पहले कांटे का पूजन करते सदर विधायक। संवाद