रामोत्सव पर रामराज: रामपुर जिले सिर्फ एक केस दर्ज, एसपी बोले- पुलिसकर्मी लगातार गश्त पर.. अप्रिय घटना नहीं

रामोत्सव के मौके पर पूजा करते एसपी राजेश द्विवेदी
– फोटो : संवाद
विस्तार
रामपुर में रामोत्सव पर रामराज का असर देखने को मिला। रविवार रात 12 बजे से सोमवार की रात दस बजे तक जिले में सिर्फ एक शिकायत ही पुलिस के पहुंची। यह शिकायत पटवाई थाने में दर्ज की गई। इसके अलावा कहीं कोई आपराधिक घटना की सूचना नहीं मिली। सोमवार को पूरे जिले में रामोत्सव की धूम मची रही। हर ओर माहौल राममय नजर आया।
इस दौरान लंबे समय बाद ऐसा मौका भी आया जब जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं हुई। जिले में कुल 16 थाने हैं, जिसमें 15 थानों में रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात दस बजे तक कोई मुकदमा कायम नहीं हुआ। रामोत्सव पर रामराज्य जैसा नजारा दिखा। सिर्फ पटवाई थाने में मारपीट की शिकायत पहुंची, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
शहर की बात की जाए तो सिविल लाइंस, शहर कोतवाली और गंज थाने के साथ ही महिला थाने में भी कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके अलावा बिलासपुर, टांडा, शाहबाद, सैफनी, स्वार, मिलकखानम, खजुरिया, अजीमनगर थाने में भी कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पटवाई थाने में महिला ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि रामोत्सव पर जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सभी थानों में भी रामोत्सव मनाया गया। इसके अलावा पुलिसकर्मी मुस्तैदी के साथ रामोत्सव कार्यक्रमों में डटे रहे।