Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते रामपुर जिले में शीतलहर जारी, 25 तक बढ़ाई गई स्कूलों की छुट्टियां

रामपुर में कड़ाके की ठंड के बाद स्कूल किए गए बंद
– फोटो : संवाद
विस्तार
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते जिले में ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार सुबह से ही हवाओं के चलते गलन काफी ज्यादा रही जिससे लोग ठिठुरते नजर आए। सोमवार को रामोत्सव के उत्साह के बीच सड़कों पर उतरे लोग ठंड से कांपते दिखे। अधिकतम तापमान में दो डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अधिकतम 12.5 डिग्री और न्यूनतम 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रविवार को जिले में अधिकतम 10.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सोमवार की सुबह जगह-जगह श्रीराम के जयकारों और भजनों के साथ हुई। इस दिन काफी अधिक सर्दी रही।
सुबह कोहरा नहीं रहा, लेकिन गलन और शीत हवाओं के चलते लोगों को ठंड का अहसास हुआ। ठिठुरन के बीच लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। शाहबाद गेट, शौकत अली रोड, नगर पालिका रोड, सिविल लाइन, स्टेशन और रोडवेज रोड तक लोग अलाव के पास बैठे नजर आए।
रविवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था। रविवार की अपेक्षा सोमवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़ा, लेकिन गलन से राहत नहीं मिली।
25 तक बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां
कड़ाके की ठंड को देखते हुए एक बार फिर से कक्षा आठ तक के स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। प्रशासन ने 25 जनवरी तक अवकाश की घोषणा की है,लेकिन शिक्षक गणतंत्र दिवस को लेकर स्कूलों में तैयारियां कराते रहेंगे। जिले में कड़ाके की ठंड इस साल की शुरुआत से पड़ रही है। ठंड की वजह से कक्षा आठ तक के स्कूलों में अभी तक अवकाश चल रहा है।
ठंड को देखते हुए पिछले दिनों प्रशासन ने 22 जनवरी तक के अवकाश की घोषणा की थी,लेकिन सोमवार को भी कड़ाके की ठंड से लोग जूझते हुए नजर आए,जिसको देखते हुए रविंद्र कुमार ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में 25 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है।
बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर कक्षा आठ तक के जनपद के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त विद्यालयों में 25 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान शिक्षक विद्यालयों में रहकर गणतंत्र दिवस के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी कराएंगे। उनका अवकाश नहीं रहेगा।