Pilibhit News: 20 में सिर्फ तीन शिकायतों का निस्तारण

कलीनगर तहसील में शिकायतें सुनते डीएम और एसपी । संवाद
नए भवन में डीएम, एसपी ने सुनी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। तहसील के नए भवन में चल रहे निर्माण कार्यों के बीच शनिवार को डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी अतुल शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। नए भवन के पहले समाधान दिवस में बीस शिकायतें आईं। जिसमें तीन का ही मौके पर निस्तारण हो सका। कलीनगर तहसील का लंबे समय से भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। मुख्य भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है। शनिवार नए भवन में पहुंचे डीएम, एसपी समेत अफसरों का एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने पौधे देकर स्वागत किया।
अफसरों के समक्ष जमीन और बिजली संबंधित शिकायतें अधिक आईं। जिसमें तीन का ही अफसर मौके पर निस्तारण कर सके। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बीसलपुर में 21 में सिर्फ दो शिकायतों का हल
बीसलपुर। उपजिलाधिकारी महिपाल सिंह की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में आई 21 में से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो पाया। उपजिलाधिकारी ने शेष शिकायतें गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने का निर्देश देते हुए शिकायती पत्र उन्हें सौंप दिए। समाधान दिवस का संचालन तहसीलदार करम सिंह ने किया।
पूरनपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में कुछ वरिष्ठ अफसरों ने व्यस्तता के कारण स्वयं न पहुंचने पर अपने अधीनस्थों को संपूर्ण समाधान दिवस में भेजा था। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के जेई सालिगराम, जल निगम के शैलेंद्र, लोक निर्माण विभाग के एसपी गौतम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सरोज हाजिरी लगाकर चले गए। सूचना देकर बुलवाने के बाद चारों कर्मचारी संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। इससे उनके संबंधित विभागों की शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका। एसडीएम ने चारों लापरवाही कर्मचारियों से सप्ताह भर में लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है। संवाद