धान खरीद : 11 दिन बाद भी 83 केंद्रों पर नहीं हुई बोहनी
रामपुर। जिले में सरकारी क्रय केंद्रों पर अब तक 420 टन धान खरीदा जा चुका है। 11 दिन बीत जाने के बाद भी जिले भर में 83 क्रय केंद्राें पर धान खरीद का खाता तक नहीं खुला है। नमी की वजह से केंद्रों से धान लौटाया जा रहा है। वही धान निजी आढ़तों पर अच्छे भाव बिक रहा है। ऐसे में लक्ष्य के सापेक्ष धान खरीद होना मुश्किल होगा।
जिले में तीन अक्तूबर से 144 केंद्रों पर धान खरीद चल रही हैं। इनमें से 61 केंद्रों पर 88 किसानों से 420 टन धान खरीदा जा चुका है। 83 केंंद्रों पर बोहनी तक नहीं हुई है। सरकार ने खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2183 रुपये प्रति क्विंटल रखा है। किसान धान बेचने के लिए पहुंच रहे हैं तो उनमें से कुछ को लौटना भी पड़ रहा है। खरीद नियमों के अनुसार 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान केंद्र पर नहीं खरीदा जाएगा। इसलिए केंद्र प्रभारी ऐसे धान को सुखाकर बेचने के लिए बोल रहे हैं। ही धान निजी आढ़तों पर खूब तौला जा रहा है। यहां किसानों को 2100 से 2200 रुपये तक का मूल्य मिल रहा है। ऐसे में किसानों का रुख क्रय केंद्रों की तरफ कम और निजी आढ़तों पर ज्यादा है। शासन ने जिले को 2.97 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य मिला है।
बयान
नियमानुसार ही केंद्रों पर खरीद की जा रही है। सरकार ने खरीद के जो मानक तय किए हैं, उसी के अनुसार किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
:::::::::::::::::::