पैंटून पुल : शासन से नहीं मिली स्वीकृति, टेंडर का समय बढ़ाया

धनाराघाट पर हो रहा नाव का संचालन । फाइल फोटो
पीलीभीत। पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र के ट्रांस शारदा पार के लोगों के लिए अभी नाव ही एक मात्र सहारा है। कारण, शासन से अभी पैंटून पुुल बनाए जाने की स्वीकृति नहीं मिली है। फिलहाल, निकाला गया टेंडर अब मंगलवार को खोला जा सकता है।
पूरनपुर ब्लॉक के ट्रांस शारदा क्षेत्र की करीब सवा लाख की आबादी बारिश के दौरान पलिया होकर तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचती है। बारिश के बाद जब शारदा नदी में पानी कम होता है तो लोनिवि की ओर से आवाजाही के लिए पैंटून पुल बनाया जाता है। यह पुल इस बार भी देरी से बनने की संभावना बढ़ गई है।
पुल के निर्माण के लिए शासन की स्वीकृति जरूरी होती है। इसके लिए पत्रावली शासन को भेज दी गई थी। इधर, आवाजाही के लिए नदी के घाट पर नाव का संचालन शुरू करा दिया गया था। शासन से मंजूरी की शत प्रतिशत की आस में अधिकारियों ने पुल के निर्माण के लिए टेंडर भी निकाल दिया था। यह टेंडर 18 नवंबर को खुलना था, जो पुल की मंजूरी न मिलने के कारण नहीं खुल सका। अब संभावना जताई जा रही है कि सोमवार को शासन की ओर से पुल के लिए मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद मंगलवार को टेंडर खोला जाएगा।
धनाराघाट पर एक नाव और बढ़ाई गई
ट्रांस क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए अब एक और नाव का संचालन शुरू किया गया है। अब तक एक ही नाव से लोगों का आवागमन हो रहा था। ऐसे में दूसरे छोर पर लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था। अब लोगों को इस असुविधा से निजात मिल सकेगी।
शासन से पुल के निर्माण को लेकर स्वीकृति न मिल पाने से टेंडर नहीं खुल सका है। अब मंगलवार को खोले जा सकते हैं। पुल को बनाने की उनकी पूरी तैयारी है। – अनूप कुमार, अवर अभियंता, लोनिवि



