Pilibhit News: कोचिंग जा रहे 10वीं के छात्र को पीटा, साइकिल तोड़ी
पीलीभीत। कोचिंग जा रहे कक्षा दस के एक छात्र को पीटकर घायल कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदीना शाह निवासी राजकुमार राठौर ने बताया कि उनका पुत्र जतिन राठौर कक्षा 10 का छात्र है। बुधवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे वह कोचिंग गया था, तभी रास्ते में आईटीआई के निकट विशनु दीक्षित गालियां देने लगा। आरोप है कि जब छात्र ने विरोध किया तो विशनु ने अपने दो भाई, मामा व 15 अन्य लोगों के साथ उसे घेरकर जमकर पीटा। छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने छात्र की साइकिल को भी पूरी तरह से तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई न होने पर हमलावर के बढ़ गए हौसले
इससे पूर्व भी आरोपी ने एक छात्र को घर से ले जाकर सुनसान जगह पर मारपीट की गई थी। लोहे के पंच सिर पर मारकर उसे लहूलुहान कर दिया गया था। छात्र के पिता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा उसके परिजनों ने कोर्ट के माध्यम से पीड़ित के पिता पर ही रिपोर्ट दर्ज करा दी। बुधवार को दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि छात्र की पिटाई की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।