Pilibhit News: फंदे से लटककर 11वीं के छात्र ने दे दी जान

मृतक अनमोल ।
पीलीभीत। शहर के एक निजी स्कूल के 11वीं के छात्र ने घर में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मां ने घर पहुंचकर जब दरवाजा खोला तो बेटे का शव फंदे पर लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि उनका शहर के लेखराज चौराहे पर बाल काटने का खोखा है। मां सावित्री लोगों के घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। एक बेटा सक्षम पूरनपुर में रहकर जीटीआई कर रहा है।
बताते हैं कि सोमवार की सुबह नाश्ता करने के बाद दुर्गाप्रसाद अपनी दुकान पर चले गए। पुत्री सिद्धि और बेटे यश व अनमोल कॉलेज चले गए। अनमोल के विद्यालय की छुट्टी सोमवार को जल्दी हो गई। इस वजह से वह घर जल्दी आ गया। इसके बाद उसने अपनी मां को काम पर जाने के लिए कह दिया। सावित्री देवी लगभग 12:30 बजे लौटकर आईं तो देखा कि अनमोल का शव घर के बाहर वाले कमरे में कुंडे में बेड सीट के फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देख वह चीखने लगीं। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
15 साल के छात्र के आत्महत्या करने की खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया। मोहल्लों वालों की मदद से शव को फंदे से उतारा गया। सूचना मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर नरेश त्यागी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। छात्र के आत्महत्या करने की वजह पता नहीं चल पा रही है। परिजनों ने भी पुलिस को कुछ नहीं बताया है। पुलिस उसके दोस्तों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवा रही है।

मृतक अनमोल ।