Pilibhit News: शारदा में समाए 19 बंबूूक्रेट, कटान हुआ बेकाबू

गांव चंदिया हजारा में कटान करती शारदा नदी । संवाद
पूरनपुर। शारदा नदी का जलस्तर कम होने के बाद गांव चंदिया हजारा के समीप कटान तेज हो गया है। कटान रोकने के लिए लगाए गए 20 बंबूक्रेट में से 19 नदी में बह गए हैं। जंगल के साथ ही किसानों की गन्ने की फसल कटान की भेंट चढ़ रही है। गांव के प्रेम मंडल की पौने दो बीघा़, शंभू सरकार का तीन बीघा गन्ना की फसल सोमवार को नदी में समा गई।
शारदा नदी गांव चंदिया हजारा और राहुलनगर के समीप पिछले कई दिनों से कटान कर रही है। कटान रोकने को बाढ़ खंड की ओर से पहले वायरकेट (तारों का जाल बनाकर मिट्टी भरे कट्टे उसके अंदर भरना) बनाए थे। यह काम चार दिन तक चला था। इससे नदी किनारे कटान रुका, लेकिन 11 जुलाई को तेजी से हुए कटान में चार दिन तक बनाए गए वायरकेट नदी में बह गए थे।
इसके बाद बाढ़ खंड की ओर से 12 जुलाई से बंबूक्रेट (बांस का बॉक्स बनाकर उसमें मिट्टी भरे कट्टे भरना) का काम शुरू किया गया। तब से शनिवार शाम तक जिन स्थानों पर नदी कटान कर रही थी। उन स्थानों पर 20 से अधिक बंबूक्रेट बनाए गए। रविवार को काम बंद रहा। बंबूक्रेट बनने से खेतों की ओर नदी का कटान बंद हो गया था। इससे किसानों ने राहत की सांस ली।
सोमवार सुबह जलस्तर कम होने पर नदी ने तेजी से कटान शुरू कर दिया। 19 बंबूक्रेट भी नदी में समा गए। नदी ने गांव निवासी प्रेम मंडल और शंभू सरकार के गन्ना के खेत में भी तेजी से कटान शुरू कर दिया है। दोनों की पौने पांच बीघा फसल नदी में समा चुकी है। कटान से किसानों में खलबली मची है। ग्राम प्रधान बांसदेव कुंडू ने बताया कि शुरू से ही वह कटान रोकने के लिए पारकोपाइन की मांंग कर रहे हैं, लेकिन अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैैं।
००००००
नदी तेज बहाव के साथ कटान कर रही है। बंबूक्रेट भी नदी में बह गए हैं। फिर बंबूक्रेट बनवाए जा रहे हैं। नदी का बहाव तेज होने के चलते गांव के लोगों से भी कटान रोकने के लिए पुरानी लकड़ी, झांडियां रस्सी में बांधकर डालने को कहा है। – डीएन शुक्ला, एसडीओ बाढ़ खंड