Pilibhit News: कागजों में 20 पर कॉलेज में मिले सिर्फ पांच शिक्षक
डीआईओएस ने दो इंटर कॉलेज में पहुंचकर जाना हाल
संवाद न्यूज एजेंसी।
पीलीभीत। जिला विद्यालय निरीक्षक ने मंगलवार को दो विद्यालयों का निरीक्षण किया, इस दौरान एक विद्यालय में उन्हें 20 के मुकाबले सिर्फ पांच शिक्षक ही मिले। ऐसे में उन्होंने अगली बार ऐसी स्थिति मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक गिरिजेश कुमार ने सबसे पहले नगर के रामा इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्हें यहां सुबह साढ़े सात बजे प्रार्थना समय पर सभी शिक्षक मौजूद मिले। इसपर उन्होंने यहां मौजूद अध्यापकों की सराहना की और बच्चों से संवाद भी किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेेज का रुख किया। यहां छात्राओं की संख्या तो ठीक-ठाक थी, लेकिन शिक्षक 20 के मुकाबले सिर्फ पांच ही थे। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि अगली बार के निरीक्षण में ऐसा मिला तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
00
प्रार्थना में भी देरी
सुबह स्कूल खुलने का समय साढ़े सात बजे का है, शुरुआत प्रार्थना से ही की जाती है, डीआईओएस के मुताबिक जब वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पहुंचे तो प्रार्थना शुरू नहीं हुई थी। करीब आठ बजे उनके पहुंचने पर छात्राओं की लाइन लगवाई गई और फिर प्रार्थना कराई गई।