Pilibhit News: बीसलपुर रोड पर जाम लगाने वाले 21 नामजद
दो दिन पहले सांड़ के हमले में किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया था जाम
22 अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेड़ा। ज्योरह कल्यानपुर में बीसलपुर हाईवे पर जाम लगाने वाले 21 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो दिन पहले सांड़ के हमले में किसान हेमराज की मौत से नाराज लोगों ने रविवार शाम सड़क पर जाम लगाया था। बरखेड़ा विधायक भी इन्हें शांत कराने आए थे।
बीसलपुर एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया था। देर रात पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। ज्योरह कल्यानपुर निवासी किसान हेमराज की शनिवार शाम सांड़ के हमले में मौत हो गई थी। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों और ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग को लेकर बीसलपुर-पीलीभीत रोड पर जाम लगा दिया। इससे यातायात बाधित हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद भी आए मगर ग्रामीण नहीं माने। बाद में बीसलपुर एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण सड़क से हटे थे और जाम खुल सका था। इस मामले में पुलिस ने दरोगा हरीशचंद्र शर्मा की तहरीर पर नन्हेंलाल, छोटेलाल, बब्लू पंडित, ऋषिपाल गंगवार, नरेंद्र, सर्वेश, हरीश, प्रमोद, शैलेंद्र, शिव कुमार, बृजपाल, मोहित, नन्हें, दिनेश, जितेंद्र, चंदू उर्फ रसकरिया, कृष्णपाल, बंटू, रघुनंदन, मयंक गंगवार, संतोश कुमार और 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रिपोर्ट दर्ज कराने वाले दरोगा हरीश चंद्र शर्मा का कहना है कि धारा 144 लगी हुई है। इसके बाद भी समझाने पर ग्रामीण नहीं माने। जब रास्ता खुलवाने का प्रयास किया गया, तो वे पुलिस पर हमलावर होने लगे थे। एसओ ब्रजवीर सिंह ने बताया कि अवैध तरीके से सड़क पर जाम लगाया गया था, इसीलिए मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
छुट्टा पशुओं का शिकार हो रहे लोग, प्रशासन मौन
बरखेड़ा। सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशुओं के लोग लगातार शिकार हो रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
गांव बरगदा निवासी ग्राम प्रधान के बाबा 80 वर्षीय हीरालाल को 28 अगस्त की रात सांड़ ने पटक कर मौत के घाट उतार दिया था। गांव सिसैइया निवासी अयोध्या प्रसाद (70) पर रास्ते में छुट्टा पशु ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई तो तीन अगस्त को गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अज्ञात बुजुर्ग की सांड़ के हमले में मौत हो गई थी।
इसी क्रम में बीसलपुर रोड पर 30 मार्च को शहर से घर लौट रहे बरखेड़ा निवासी सुरेश कुमार की बाइक जिरौनिया गांव के पास सांड़ से रात में टकरा गई। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं थी। बीसलपुर निवासी राम पाल 18 जुलाई को परिवार के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर खड़े पशु आपस में भिड़ गए। जिससे बाइक सवार दंपती घायल हो गए।
गजरौला थाना क्षेत्र के बिठौराकलां गांव निवासी 55 वर्षीय गेंदनलाल खेत में खड़ी गेहूं की फसल की रखवाली करने गए थे। फसल को नुकसान पहुंच रहे सांड़ को उन्होंने भागने का प्रयास किया। इस पर सांड़ ने उन पर हमलाकर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संवाद