Pilibhit News: क्रिकेट के नाम पर चार खिलाड़ियों से ठगे 24 हजार रुपये
पीलीभीत। फोन कर युवाओं को क्रिकेट सिखाने के नाम पर जहानाबाद के चार युवाओं से 24 हजार रुपये ठग लिए गए। इतना ही नहीं ठगों ने युवाओं के नोएडा पहुंचने पर उनके सामान को भी गायब कर दिया। घर लौटने पर युवाओं ने मामले की तहरीर जहानाबाद पुलिस को दी।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव मकरंदपुर खूडरा के पवन गंगवार, नितेश, हरेंद्र और ललित कुमार के पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने नोएडा में क्रिकेट सिखाने के लिए छह हजार रुपये प्रति युवक के हिसाब से फीस देने की बात कही। अप्रैल में इन युवकों ने दो बार में बताई गई धनराशि ऑनलाइन भेज दी। 21 मई को नोएडा के एक स्टेडियम में क्रिकेट सिखाने के लिए तारीख निर्धारित कर दी गई।
निर्धारित तारीख से एक दिन पहले चारों युवक बताए गए पते पर नोएडा पहुंचे तो वहां उन्हें कोई नहीं मिला। फोन करने वाले से बातचीत की गई। इस पर उसने उन्हें टरकाना शुरू कर दिया। काफी देर इंतजार करने के बाद फोन करने वाले युवक ने एक मैसेज कर दिया कि उसके भाई की मौत हो गई है। इसलिए वह नहीं आ सकता। तब चारों युवक लौटने लगे।
इसी दौरान ठग ने फिर से उनसे बातचीत की। इस दौरान स्टेशन पर चाेर उनका बैग लेकर चले गए। बैग में सामान, मोबाइल और नकदी भी थी। युवकों का कहना है कि ठगों के किसी साथी ने ही बैग चोरी किए हैं। चारों युवक स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों के पास गए और आपबीती सुनाई। वहां पर तैनात उपनिरीक्षक ने उन्हें घर भिजवाया। यहां आकर पीड़ित युवकों ने थाना जहानाबाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।