Pilibhit News: दर्ज रिपोर्ट में आखिर पुलिस ने बढ़ाई सामूहिक दुष्कर्म, पास्को की धारा
पूरनपुर। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की नीयत से गला काटने के मामले में पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म और पास्को की धारा बढ़ा दी है। हिरासत में लिए गए किशोर को पुलिस ने किशोर न्यायालय भेज दिया है। मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ सात दिन बाद भी नहीं लग सका। पुलिस की लापरवाही पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की। बोले- पुलिस घटना को हजम करने के मूड में थी। अब मामले को डीजीपी के सामने रखकर शिकायत की जाएगी ।
घटना बुधवार दोपहर साढ़े बारह बजे की है। परिजन को घटना की जानकारी खून से लथपथ किशोरी के घर पहुंचने पर हुई थी। सीएचसी से किशोरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में किशोरी का इलाज चल रहा है। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने किशोरी की मां की ओर से अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला की रिपोर्ट दर्ज की। घटना को लेकर पुलिस ने तीन बार किशोरी के बयान लिए। हर बार किशोरी ने सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की नीयत से गला काटने की जानकारी पुलिस को दी।
आरोपियों के नाम भी पुलिस को बताए। किशोरी के पिता ने एसपी से पुत्री से सामूहिक दुष्कर्म होने की शिकायत की। इसके बाद पुलिस दर्ज रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म, पास्को की धारा नहीं बढ़ा रही थी। मंगलवार को पीड़िता कह रही दुष्कर्म हुआ पर पुलिस मानने को तैयार नहीं थी। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म, पास्को की धारा बढ़ा दी।
कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म, पास्को की धारा बढ़ाने के साथ हिरासत में लिए गए किशोर को किशोर न्यायालय को भेज दिया गया। दूसरे मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।